HI/BG 13.13

His Divine Grace A.C. Bhaktivedanta Swami Prabhupāda


श्लोक 13

ज्ञेयं यत्तत्प्रवक्ष्यामि यज्ज्ञात्वामृतमश्नुते ।
अनादिमत्परं ब्रह्म न सत्तन्नासदुच्यते ॥१३॥

शब्दार्थ

ज्ञेयम्—जानने योग्य; यत्—जो; तत्—वह; प्रवक्ष्यामि—अब मैं बतलाऊँगा; यत्—जिसे; ज्ञात्वा—जानकर; अमृतम्—अमृत का; अश्नुते—आस्वादन करता है; अनादि—आदि रहित; मत्-परम्—मेरे अधीन; ब्रह्म—आत्मा; न—न तो; सत्—कारण; तत्—वह; न—न तो; असत्—कार्य,प्रभाव; उच्यते—कहा जाता है।

अनुवाद

अब मैं तुम्हें ज्ञेय के विषय में बतलाऊँगा, जिसे जानकर तुम नित्य ब्रह्म का आस्वादन कर सकोगे | यह ब्रह्म या आत्मा, जो अनादि है और मेरे अधीन है, इस भौतिक जगत् के कार्य-करण से परे स्थित है |

तात्पर्य

भगवान् ने क्षेत्र तथा क्षेत्रज्ञ की व्याख्या की | उन्होंने क्षेत्रज्ञ को जानने की विधि की भी व्याख्या की | अब वे ज्ञेय के विषय में बता रहे हैं – पहले आत्मा के विषय में, फिर परमात्मा के विषय में | ज्ञाता अर्थात् आत्मा तथा परमात्मा दोनों ही ज्ञान से मनुष्य जीवन-अमृत का आस्वादन कर सकता है | जैसा कि द्वितीय अध्याय में कहा गया है, जीव नित्य है | इसकी भी यहाँ पुष्टि हुई है | जीव के उत्पन्न होने की कोई निश्चित तिथि नहीं है | न ही कोई परमेश्र्वर से जीवात्मा के प्राकट्य का इतिहास बता सकता है | अतएव वह अनादि है | इसकी पुष्टि वैदिक साहित्य से होती है – न जायते म्रियते वा विपश्चित् (कठोपनिषद् १.२.१८) | शरीर का ज्ञाता न तो कभी उत्पन्न होता है, और न मरता है | वह ज्ञान से पूर्ण होता है |

वैदिक साहित्य में (श्र्वेताश्र्वतर उपनिषद ६.१६) भी परमेश्र्वर को परमात्मा रूप में – प्रधान क्षेत्रज्ञपतिर्गुणेशः- शरीर का मुख्य ज्ञाता तथा प्रकृति के गुणों का स्वामी कहा गया है | स्मृति वचन है – दासभूतो हरेरेव नान्यस्यैव कदाचन | जीवात्माएँ सदा भगवान् की सेवा में लगी रहती हैं | इसकी पुष्टि भगवान् चैतन्य के अपने उपदेशों में भी है | अतएव इस श्लोक में ब्रह्म का जो वर्णन है, वह आत्मा का है और जब ब्रह्म शब्द जीवात्मा के लिए व्यवहृत होता है, तो यह समझना चाहिए कि वह आनन्दब्रह्म न होकर विज्ञानब्रह्म है | आनन्द ब्रह्म ही परब्रह्म भगवान् है |